एक पेड़ माँ के नाम #PLANT 4MOTHER CAMPAIGN

समस्तीपुर: कल्याणपुर स्थित यूनियन आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) नए परिसर में शुक्रवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय समस्तीपुर के अधिकारियों के द्वारा भारत सरकार के अभियान ( एक पेड़ माँ के नाम ) के तहत आम, नीम, महोगनी, जामुन , आंवला एवं अमरुद का 51 पौधा लगाया गया। वृक्षारोपण के पश्चात अग्रणी जिला प्रबंधक सोनू कुमार ने बताया कि पौधा रोपण कर हरियाली को बढ़ाया जा सकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण किया जा सकता है, पेड़-पौधों के बिना जीवन की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। यदि पेड़-पौधे नहीं होंगे तो हम सांस नहीं ले सकते। इसलिए बेहतर जीवन के लिए हमसबों को पौधा लगाने व उन्हें बचाने का संकल्प लेना चाहिए।
क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक गोपाल माझी ने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन के प्रति चल रही प्रतिबद्धता के हिस्से के रुप में भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उदेश्य है कि हमारे समुदाय के आसपास हरित आवरण को बढ़ाना और पर्यावरण में सकारात्मक योगदान देना है। उन्होंने इस नेक कार्य में सभी कर्मचारियों के भागीदारी की सराहना की।
मानसून के प्रारंभिक चरण के दरम्यान प्रत्येक शाखा को कम से कम पाँच पेड़ लगाने हेतु प्रोत्साहित किया। कहा कि यह न केवल प्रकृति को वापस लौटाने का अवसर है बल्कि हमारे संगठन के भीतर टीम वर्क और समुदाय की भावना को बढ़ावा देने का भी अवसर है। उक्त मौके पर यूनियन आरसेटी निदेशक प्रकाश कुमार सिंह यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय समस्तीपुर के वरिष्ठ प्रबंधक संजीव कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।