सरायरंजन में अभियंत्रण महाविद्यालय के उदघाटन के अवसर पर नीतीश कुमार ने कही बड़ी बात

फाइल फोटो
अटल और आडवाणी ने बिहार को दिया भरपूर प्रेम
आज के नेता नहीं सुनते हैं किसी की
आडवाणी को प्रधानमंत्री नहीं बनाने के कारण हट गए थे भाजपा से
जीवन में कभी नहीं जाऊंगा उन लोगों के साथ
बिहार के विकास के साथ ही होगा देश का उत्थान- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
समस्तीपुर/सरायरंजन 14/10/2022 डॉ आर के मिश्र
सरायरंजन: बिहार के सर्वांगीण विकास के साथ ही देश का भी उत्थान होकर रहेगा। यह संकल्प व्यक्त किया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरायरंजन में अभियंत्रण महाविद्यालय के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के प्रति संकल्प प्रकट करते हुए बताया कि पहले भी बिहार में सड़क थी, जिस पर चलना मुश्किल हो गया था। बिजली और पानी का अभाव था। आज सात निश्चय योजना के द्वारा घर-घर पानी,बिजली,सड़क से गांव और शहर की दूरी समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लड़कियों को पोशाक एवं साइकिल योजना के द्वारा इतना लाभ मिला कि आज लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में लड़कों से भी आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों के शिक्षित होने से आबादी पर भी नियंत्रण हो रहा है , जन्म दर में सुधार हो रहा है। जिस परिवार में पति और पत्नी दोनों इंटर पास होते हैं वहां जन्म दर का औसत कम रहा है। क्षेत्रफल की दृष्टि से बिहार जहां देश में बारहवें स्थान पर है, वहीं जन्म दर में भी शिक्षा की स्थिति में सुधार होने से जन्म औसत में भी सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सात निश्चय के द्वारा हम लोगों ने सभी जिला में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का निश्चय किया था । इसी का परिणाम समस्तीपुर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज का उदघाटन है।
सभी जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज की तरह मेडिकल कॉलेज भी खुलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज एवं मेडिकल कॉलेज सभी जिले में खोलने के बाद इंजीनियरिंग एवं मेडिकल यूनिवर्सिटी भी खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर, उजियारपुर में आवासीय उच्च विद्यालय खोलने की घोषणा की गई है। इसे भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी से अलग होने पर मुख्यमंत्री ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए बताया कि पहले अटल बिहारी वाजपेयी जैसे प्रधानमंत्री भी हुआ करते थे जो बिहार को बहुत प्रेम करते थे। बाजपेयी जी ने मुझे तीन मंत्रालयों का प्रभार देकर बिहार के प्रति प्रेम व्यक्त किया था। वे बिहार के विकास के लिए दिन रात सपना देखा करते थे। लेकिन आज के लोग कुछ सुनते ही नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के तत्कालीन केंद्रीय मंत्री मुर्ली मनोहर जोशीजी के योगदान को नहीं भूल सकता। लेकिन आज के लोग बिहार के विकास के प्रति पूरी तरह उदासीन हो गए हैं। यही नहीं अटल और आडवाणी के समय में बिहार का जितना ख्याल रखा जाता था उतना ख्याल रखना बंद कर दिया गया और जब आडवाणी जी को प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया इसी दुख के कारण हम भाजपा से हट गए हैं। मुख्यमंत्री ने संकल्प लेते हुए दोहराया कि अब वह जीवन में कभी भी उन लोगों के साथ नहीं जाएंगे। वे सदा समाजवादी रहे हैं और समाजवादी बनकर रहेंगे।
अभियंत्रण महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने इसके शिक्षकों को अच्छी शिक्षा देने की प्रेरणा दी। इसके साथ ही भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं को यहां पूरी तरह स्वच्छता पर ध्यान देने का विशेष रूप से निर्देश दिया ताकि छात्र- छात्राओं को उन्नत स्वास्थ्य लाभ हो सके।
मुख्यमंत्री ने अभियंत्रण महाविद्यालय का निरीक्षण करते हुए इसके कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यशाला में उत्तम मशीन लगाने की बात बतलाते हुए यहां के छात्रों को उत्तम शिक्षा मिलने की कामना की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण विभाग को दो से चार महीने के अंदर मेडिकल कॉलेज को शीघ्र पूरा करने का विशेष रूप से निर्देश दिया ताकि गरीबों को शीघ्र से शीघ्र मेडिकल सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर का विधिवत उदघाटन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य के द्वारा आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया गया। विभागीय प्रदेश सचिव प्रत्यय अमृत के द्वारा मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों एवं अतिथियों को अभियंत्रण महाविद्यालय के उदघाटन समारोह में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया। जिलाधिकारी जोगेंद्र प्रसाद सिंह के द्वारा मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री सहित सभी मंत्रियों एवं अतिथियों को अभियंत्रण महाविद्यालय का स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर विधायक अशोक कुमार, रणविजय साहू,अशोक कुमार मुन्ना, अख्तरूल इस्लाम साहीन, डॉ तरुण कुमार चौधरी एवं पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद कांग्रेस अध्यक्ष अबू तमिल राजद अध्यक्ष राजेंद्र साहनी, जदयू जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी, दुर्गेश राय सहित गणमान्य लोग मंच पर मौजूद थे।
मेडिकल कॉलेज में ऑडिटोरियम और प्लेग्राउंड भी होगा मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री ने राम जानकी मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
सरायरंजन: राम जानकी मेडिकल कॉलेज में ऑडिटोरियम प्ले ग्राउंड की सुविधा भी उपलब्ध होगी, यह आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राम जानकी मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए जेनरल मैनेजर वीरेंद्र कुमार एवं मुख्य अभियंता नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रहे युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री द्वारा निरीक्षण करते हुए संतोष व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा निर्माण कार्य अति शीघ्र पूरा करने के निर्देश पर जीएम वीरेंद्र कुमार कार्य पूरा कर लिए जाने का निश्चय व्यक्त किया। निर्माण कार्य के संबंध में किसी भी प्रकार की कठिनाई के संबंध में पूछने पर दोनों अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के अंदर प्लेग्राउंड और ऑडिटोरियम निर्माण के लिए भी जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री द्वारा पर्याप्त जमीन की जानकारी लेकर राम जानकी मेडिकल कॉलेज के अंदर ही ऑडिटोरियम और प्लेग्राउंड बनाने की स्वीकृति देते हुए उसके निर्माण कार्य का भी शीघ्र पूरा होने का आश्वासन दिया। मौके पर वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी जिला अधिकारी योगेंद्र प्रसाद सिंह आरक्षी अधीक्षक हृदय कांत सहित सभी अतिथि मंत्री गणमान्य लोग एवं सभी अधिकारी मौजूद थे।
राष्ट्रीय क्षितिज पर चमका
सरायरंजन नरघोघी और समस्तीपुर : विजय कुमार चौधरी
सरायरंजन: अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर के उदघाटन के साथ ही आज सरायरंजन नरघोघी के साथ समस्तीपुर जिला राष्ट्रीय क्षितिज पर चमक उठा है। उक्त बातें कहीं अभियंत्रण महाविद्यालय के उदघाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने। सरायरंजन के नरघोघी में ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर के द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज एवं मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने को लेकर मंदिर परिवार की सराहना एवं धन्यवाद देते हुए वित्त मंत्री ने यहां के आदरणीय जनता का हार्दिक अभिनंदन किया। वित्त मंत्री ने बताया कि आज अभियंत्रण महाविद्यालय में पढ़ने के लिए बिहार सहित सारे देश के कोने-कोने से लोग सरायरंजन और नरघोघी पहुंचकर सारे सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र और समस्तीपुर जिला को गौरवान्वित करेंगे। इस महान कार्य के लिए वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि मैं कुछ बोलने के लिए नहीं केवल मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करने के लिए खड़ा हुआ हूं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी का जिस प्रकार सरायरंजन के प्रति विश्वास सदा बना हुआ रहता है इसी का ऐतिहासिक परिणाम आज अभियंत्रण महाविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के रूप में मिला है। श्री चौधरी ने अग्रिम निमंत्रण देते हुए कहा कि अति शीघ्र राम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय का भी उदघाटन होने वाला है जिसमें मान्यवर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। उदघाटन समारोह की विशाल जनसभा के बीच तीर लटके हुए हुए लालटेन के विशाल प्रतीक को देखकर श्री चौधरी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार बताया। साथ ही श्री चौधरी ने सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र की सदा दिन रात सेवा करते रहने का संकल्प दुहराया।
स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा सरायरंजन का इतिहास : आलोक मेहता
सरायरंजन: इंजीनियरिंग कॉलेज एवं मेडिकल कॉलेज की जमीन उपलब्ध कराने के लिए स्वर्णाक्षरों में लिखा जायेगा सरायरंजन का इतिहास। उक्त बातें भूमिसुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक कुमार मेहता ने अभियंत्रण महाविद्यालय नरघोघी सरायरंजन के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। आलोक कुमार मेहता ने जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं रामविलास मिश्र की धरती के रूप में सरायरंजन एवं समस्तीपुर जिला को नमन करते हुए बताया कि वे गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद का संदेश लेकर आए हैं कि संपूर्ण जिले में प्रेम और सद्भावना कायम हो सके। आलोक मेहता ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अब बिहार में विकास की बयार बहने लगी है।
तकनीकी शिक्षा के रूप में अग्रणी
होगा बिहार : अशोक चौधरी
सरायरंजन: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में तकनीकी शिक्षा के रूप में बिहार अत्यंत अग्रणी राज्य बनेगा। उक्त बातें भवन निर्माण मंत्री अशोक कुमार चौधरी ने इंजीनियरिंग कॉलेज के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। श्री चौधरी ने सरायरंजन में इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी की सराहना की। श्री चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तकनीकी शिक्षा में भी अब बिहार पूरी तरह विकास का परचम लहराएगा।
विकास के मामले में एकमात्र विकसित राज्य बनेगा बिहार : महेश्वर हजारी
सरायरजन:विकास के मामले में बिहार एकमात्र ऐसा विकसित राज्य संपूर्ण देश में हो गया है जिसने बाढ़ तथा सुखार जैसे आपदा के समय भी गरीबों के लिए ऐतिहासिक काम करते हुए भरपूर मुआवजा एवं सहायता राशि उपलब्ध कराया है । उक्त बातें बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी के द्वारा सरायरंजन में इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के गरीबों के विकास के लिए दिन रात प्रयास कर रहे हैं।आपदा का शिकार होने वाले गरीबों को चार लाख से पांच लाख तक मुआवजा तथा बाढ़ एवं सूखाड़ में किसानों को क्षतिपूर्ति के रूप में सहायता करना यह मुख्यमंत्री की अपनी विशेषता है जिसके कारण बिहार गरीबों के विकास के मामले में सारे देश में अकेला राज्य बन गया है।
विकास के लिए समर्पित हैं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार : सुमित कुमार
सरायरंजन : बिहार के विकास के लिए समर्पित हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। उक्त बातें कहीं विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने। इंजीनियरिंग कॉलेज के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुमित कुमार ने कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने हेतु वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं राम जानकी मंदिर के व्यवस्थापकों एवं सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों को धन्यवाद दिया।
बिहार का हो रहा सर्वांगीण विकास : रामनाथ ठाकुर
सरायरंजन : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का सर्वांगीण विकास हो रहा है। इसी का सुखद परिणाम अभियंत्रण महाविद्यालय का उदघाटन है। उक्त बातें कहीं राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए। श्री ठाकुर ने इसके लिए वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी की सराहना की। श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार का विकास पुत्र बतलाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व में बिहार का अभूतपूर्व विकास होने के प्रति धन्यवाद दिया।