तमिलनाडु के मंत्री के एन नेहरू के बयान पर उप मुख्यमंत्री की तीखी प्रतिक्रिया

*तमिलनाडु के मंत्री केएन नेहरू के बयान पर उप मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कहा… के.एन. नेहरू को बिहार के इतिहास और वर्तमान का ज्ञान नहीं…उपमुख्यमंत्री*
पटना 29 जुलाई 2021
बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने तमिलनाडु के नगरपालिका प्रशासन मंत्री श्री के. एन. नेहरू द्वारा बिहारियों के संदर्भ में दिए गए विवादास्पद बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मंत्री को बिहार के इतिहास एवं वर्तमान का ज्ञान नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिहारियों ने ज्ञान और विज्ञान का परचम प्रत्येक कालखंडों में देश और दुनिया में लहराया है एवं अपनी प्रतिभा को साबित किया है। तमिलनाडु के मंत्री श्री नेहरू को बिहारियों के दिमाग का आकलन करने के पहले बिहारियों के ज्ञान-विज्ञान, साहस शौर्य, पराक्रम और परिश्रम के विषय में विस्तार से जानना चाहिए। बिहारियों को यदि दिमाग नहीं होता तो आज विश्व के सामने शून्य नहीं होता। बुद्ध महावीर इसी धरती से ज्ञान का संदेश समूची दुनिया में को दिया। चाणक्य, अशोक, चंद्रगुप्त, रामधारी सिंह ‘दिनकर’, फणीश्वरनाथ रेणु सहित अनेक महामानव महापुरुषों ने अपनी विद्वता एवं सामर्थ्य का परिचय देश और दुनिया को दिया है जिसका इतिहास गवाह है। वर्तमान समय में भी देश को दिशा देने वाले महापुरुषों ने बिहार की गरिमा एवं गौरव को बढ़ाया है। शासन-प्रशासन, ज्ञान-विज्ञान, कला, संस्कृति सहित सभी क्षेत्रों मे बिहारियों ने बेहतर प्रदर्शन की बदौलत बिहार के गौरव को प्रतिस्थापित किया है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में बिहारियों ने निष्ठा, समर्पण और परिश्रम से देश के साथ-साथ दुनिया के अन्य देशों में भी अपना स्थान बनाया है और अपनी नेतृत्व क्षमता का भी परिचय दिया है, जिसका अन्यत्र उदाहरण नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मंत्री श्री नेहरू द्वारा बिहारियों के संबंध में दिया गया ऐसा बयान उनकी अज्ञानता एवं दिमागी दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने तमिलनाडु के मंत्री के.एन. नेहरु द्वारा दिये गये बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बिहारियों के प्रति किसी भी प्रकार के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के इतिहास और वर्तमान से अवगत होते हुए श्री के.एन. नेहरू को बिहारियों से माफी मांगनी चाहिए।