बिहार पुलिस निरंकुश हो गई है: रामनरेश पांडेय

पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा है कि बिहार में पुलिस जुल्म चरम पर पहुंच गया है। पुलिस आम लोगों पर जुल्म ढा रही है। मधुबनी जिले के हरलाखी थाने के फुलहर ग्राम निवासी पत्रकार हरि शंभू को पुलिस ने बिना किसी वारंट एवं पूर्व सूचना के उनके घर से बलपूर्वक उठा कर बेनीपट्टी थाने में 22 घंटे तक बंद रखा एवं उनकी बुरी तरह पिटाई की। पत्रकार हरि शंभू ने हरलाखी के वर्तमान थानाध्यक्ष का रिस्वत लेते हुए वीडियो बना लिया था और उनके द्वारा रोज किए जा रहे भ्रष्टाचार का विरोध कर रहा था। इस मामले ने काफी तुल पकड़ लिया है और थानाध्यक्ष की निरंकुशता को सामने लाकर रख दिया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बिहार राज्य सचिव का॰ रामनरेश पाण्डेय ने पत्रकार हरि शंभू के आवास पहुंच कर उनका हाल चाल लिये एवं यथासंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाये।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि बिहार सरकार निरंकुश हो चुकी है। पुलिस को लूटने की खुली छूट दे रखी है। पुलिस वाले अपराधी की तरह कार्य कर रहे हैं। बिहार में रोज तस्करी हो रही है एवं पुलिस भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। कुछ दिन पूर्व सीतामढ़ी के मुक्तेश्वर राय को डुमरा पुलिस के द्वारा इतना पीटा गया कि मंडल कारा में ही उसकी मृत्यु हो गयी। वहीं मुजफ्फरपुर के साहेबगंज के देवरिया थाने में एक महिला को बहुत बुरी तरीके से पीटा गया। बिहार में पुलिस तंत्र निरंकुश हो गई है। जिसमें गरीब मजलूमों को शिकार बनाया जा रहा है। आए दिन चोरी, डकैती एवं अन्य आपराधिक घटनाएं पूरे बिहार में देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि वे मधुबनी पुलिस अधीक्षक से मिलकर हरलाखी के वर्तमान थानाध्यक्ष अनूप कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पर कार्रवाई करने की मांग करेंगे और यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आम जनता के साथ एक विशाल जनआन्दोलन की तैयारी करेगी और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। प्रतिनिधिमंडल में भाकपा के राज्य सचिव का॰ रामनरेश पाण्डेय के साथ फुलहर शाखा के शाखा मंत्री का॰ जामुन शुक्ल, भाकपा राज्य परिषद् सदस्य का॰ राकेश कुमार पाण्डेय सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।