गला दबाकर विवाहिता की हत्या
मृतका के पिता ने दर्ज कराई दहेज हत्या की प्राथमिकी
सरायरंजन : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा गांव के वार्ड 4 में शनिवार को दहेजलोभियों ने महज एक बुलेट बाइक की मांग को लेकर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के संबंध में विवाहिता के पिता के लिखित बयान पर एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें मृतका के पति समेत छह लोगों को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर निवासी मृतका के पिता अर्जुन महतो ने कहा है कि 4 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री दीपा (25) की शादी बरबट्टा निवासी प्रमोद महतो के साथ हिंदू रीति –रिवाज के अनुसार यथोचित दान दहेज देकर की थी। इस बीच उनकी पुत्री ने एक बच्ची को भी जन्म दिया, जो महज 2 साल की है। पर उसके ससुराल वाले एक बुलेट बाइक की मांग को लेकर उसे अक्सर प्रताड़ित करने लगे, जिसे देने में वे असमर्थ थे। आखिरकार शनिवार की दोपहर में उसके पति समेत छह लोगों ने उनकी पुत्री की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर जब वे बेटी की ससुराल पहुंचे तो उनकी पुत्री अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं उसके परिवार के सभी सदस्य घर से फरार हो चुके थे। आरोपित लोगों में मृतका के पति प्रमोद महतो, देवर सकिंद्र महतो एवं गणेश महतो, सौतेला पुत्र राजा महतो एवं राहुल महतो तथा सौतेली रानी कुमारी के नाम शामिल हैं।