E-News Bihar

Latest Online Breaking News

जब तक पृथ्वी रहेगी तब तक ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल राजगीर के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने राजगीर स्थित गुरुद्वारा श्री नानक देव शीतलकुंड का किया परिभ्रमण, गुरुद्वारे में मत्था टेका

जब तक पृथ्वी रहेगी तब तक ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल राजगीर के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी- मुख्यमंत्री


पटना, 21 जनवरी 2021:- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिलान्तर्गत राजगीर स्थित ‘गुरुद्वारा श्री नानक देव’ शीतलकुंड का परिभ्रमण किया। गुरुद्वारा में मुख्यमंत्री का स्वागत सरोपा भेंटकर किया गया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने परिभ्रमण के दौरान गुरुद्वारा के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री को गुरुद्वारा एवं पर्यटकों के लिए बनाए जा रहे रेस्ट हाउस से संबिधित विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।


पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का जन्म स्थान बिहार के पटना साहिब में है। उनका 350वां प्रकाश पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ध्यान रखा गया था। वर्ष 2019 में गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव शीतलकुंड का शिलान्यास किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर का गर्म कुंड अपने आप में अनोखा है। वर्ष 1506 ई0 में श्री गुरुनानक देव जी राजगीर आए थे। उस समय गुरुनानक देव जी से लोगों ने आग्रह किया कि यहां सभी गर्म कुंड हंै, एक शीतल कुंड भी होना चाहिए। गुरुनानक देव जी जिस कुंड में खड़े हुए, तत्काल ही वह कुंड शीतल हो गया, जो आज शीतल कुंड के रुप में जाना जाता है। यह अपने आप में यूनिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर अद्भुत जगह है। यहां वेणुवन, घोड़ा कटोरा का निर्माण कराया गया है। कुछ दिन पहले भी हम राजगीर आए थे लेकिन उस दिन मौका नहीं मिला। आज गुरुनानक देव जी के गुरुद्वारे में आकर मत्था टेका और यहां हो रहे निर्माण कार्य को देखने और समझने का मौका मिला। जिस दिन इस गुरुद्वारे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा उस दिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी होगी। इस वर्ष यह नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा तो जो श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे, वे राजगीर भी आएंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि देश-विदेश से भी लोग राजगीर आएंगे और यहां की कई अद्भुत चीजों को देखेंगे। राजगीर में सभी धर्म के लोग आस्था प्रकट करने के लिए आते हैं। इस पौराणिक तथा ऐतिहासिक स्थल के प्रति सबके मन में सम्मान है। राजगीर मगध साम्राज्य की राजधानी हुआ करती थी, जब तक पृथ्वी रहेगी लोगों के मन में इस अद्भुत स्थल के प्रति श्रद्धा बरकरार रहेगी।
उन्होंने कहा कि गंगाजल को शुद्ध पेयजल के रुप में नवादा, बोधगया, गया एवं राजगीर में लोगों तक पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। राजगीर का भू-जल स्तर मेंटेन रहे, कुंड में पानी बना रहे इन सब चीजों पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां जो भी जरुरत होगी, सारी चीजों की व्यवस्था की जाएगी। लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखना हमारा कर्तव्य है।
इस अवसर पर सांसद श्री कौशलेंद्र कुमार, विधायक श्री श्रवण कुमार, विधायक श्री कौशल किशोर, विधायक श्री जितेंद्र कुमार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य श्री उदयकांत मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री हरी प्रसाथ एस0 सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
’’’’’’

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button 

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!